
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। साकेत कॉलोनी स्थित हरमिलाप धर्मशाला में फोनिक्स विश्वविद्यालय के चेयरमैन एवं भाजपा नेता चेरब जैन की ओर से रक्षा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष सरीन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भाजपा नेता चेरब जैन को राखियां बांधकर भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का संदेश दिया। चेरब जैन की ओर से सभी महिलाओं को उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
आयोजक चेरब जैन ने कहा कि रक्षा संकल्प कार्यक्रम केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके प्रति जिम्मेदारी का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचीं सभी महिलाओं का आभार जताया।
मुख्य अतिथि डॉ. मधु सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष सरीन ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से आपसी प्रेम, विश्वास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलकमल शर्मा, पार्षद रिशु वर्मा, पार्षद सीमा, प्रतिभा चौहान, हेमा बिष्ट, रश्मि चौधरी, कविता रावत, संगीता, रीना अग्रवाल, बीरमती देवी, पूनम देवी, सुनीता गोस्वामी, पारुल भाटिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies