News

9/1/2026 4:12:11 PM

किसानों के उत्पीड़न का आरोप, बिजली विभाग के खिलाफ धरने पर बैठे किसान

स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, नलकूपों की बिजली मुफ्त करने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। बिजली विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और किसानों के कथित उत्पीड़न के विरोध में उत्तराखंड किसान मोर्चा ने मंगलवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर अभद्रता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई। प्रदर्शनकारियों ने अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत को भी अपने साथ धरने पर बैठाया और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की ओर से किसानों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर का विरोध किए जाने के बावजूद किसी न किसी बहाने किसानों के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले किसानों और आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। बकाया बिजली बिल के नाम पर भी किसानों पर कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगपतियों पर करोड़ों रुपये का बिजली बिल बकाया है, लेकिन विभाग उन पर कार्रवाई करने के बजाय हजारों रुपये के बकाया को लेकर किसानों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई करता है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता से एक दिन निर्धारित करने की मांग की, जिसमें किसान मोर्चा की पांच सदस्यीय टीम के साथ किसानों की समस्याओं पर वार्ता कर उनका समाधान कराया जाए।

किसानों ने पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अधीक्षण अभियंता को सौंपा। इसमें स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में किसानों के नलकूपों की बिजली मुफ्त करने, किसानों के घरों और नलकूपों के बिजली कनेक्शन नहीं काटने, भ्रष्टाचार और अभद्रता के आरोपी अधिकारियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने तथा अतिरिक्त सिक्योरिटी की राशि माफ करने की मांग शामिल रही।

अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने किसानों को आश्वासन दिया कि अभद्र व्यवहार करने वाले अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ मिलकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया जाएगा।धरने का संचालन दीपक पुंडीर ने किया। इस अवसर पर पवन त्यागी, सुरेंद्र नंबरदार, समीर आलम, आकिल हसन, सरदार जसबीर सिंह, राजेंद्र सिंह, दुष्यंत, धर्मेंद्र सिंह, मनवर हसन, प्रवीण, आशीष, मोहम्मद इसरार, मोहम्मद आजम और चौधरी राजपाल सिंह मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies