News

8/30/2026 4:42:35 PM

कश्यप समाज को राजनीतिक रूप से मजबूत करने पर जोर, अधिकारों के लिए एकजुट होकर लड़ने का आह्वान

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। कश्यप महासभा उत्तराखंड (ट्रस्ट) की बैठक में समाज को एकजुट करने के साथ राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के हितों और अधिकारों की बात करने वाले राजनीतिक दलों के साथ समाज को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल समाज के लोगों को चुनाव में प्रतिनिधित्व और टिकट देगा, उसके लिए संगठित होकर कार्य किया जाएगा।

पुरानी तहसील स्थित कश्यप धर्मशाला में आयोजित बैठक का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कश्यप समेत अन्य पदाधिकारियों ने महर्षि कश्यप की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और राजनीतिक भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कश्यप ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए सभी लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना होगा। समाज की संख्या के अनुरूप राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए संगठित प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एकजुटता के बल पर ही समाज अपने अधिकारों को मजबूती से हासिल कर सकता है।

संरक्षक डॉक्टर पृथ्वी सिंह ने कहा कि कश्यप महासभा को अपने अधिकारों के लिए खुले रूप से लड़ाई लड़नी होगी। जब तक समाज अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर मजबूती से आवाज नहीं उठाएगा, तब तक अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं होंगे। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

संरक्षक डॉक्टर प्रेमचंद ने कहा कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, समाज की मजबूती के लिए सभी के सामने अपनी बात मजबूती से रखनी होगी। उन्होंने कहा कि आज तक किसी भी सरकार ने मत्स्य बोर्ड की जिम्मेदारी समाज को नहीं दी है। यह समाज के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और इसके लिए आवाज उठाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को भी समाज की अपेक्षाओं और भागीदारी को गंभीरता से लेना होगा।

प्रवक्ता रमेश कश्यप ने कहा कि जल्द ही कश्यप महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के समक्ष समाज की समस्याओं और विभिन्न मांगों को रखेगा। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री समाज की मांगों पर सहमति जताते हैं तो भविष्य में समाज उनके साथ खड़ा रहेगा। वहीं, मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में समाज को कोई अन्य ठोस निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

प्रदेश संगठन महामंत्री राजीव कश्यप ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने समाज के लोगों से संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को महासभा से जोड़ने का आह्वान किया।इस अवसर पर प्रदेश महासचिव एसके वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रसाद, शिव कुमार, रेनू कश्यप, पवन कश्यप, अजय कश्यप,सुमित कश्यप, सचिन कश्यप,सागर,पारस,अंकित आर्य, हीरालाल,राहुल कश्यप, पवन, भूप सिंह,अरुण परमहंस,अभिषेक समेत अन्य पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies