
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकोला रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने महज 15 हजार रुपये की उधारी नहीं चुकाने पर दोस्त की हत्या करने की बात कबूल की है
।
शुक्रवार को एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 23 अगस्त को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के टिकोला रजवाहे में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। बाद में शव की शिनाख्त टिकोला गांव निवासी मेघपाल के रूप में हुई। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के दो दोस्तों पर शक हुआ। दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मेघपाल पर उनके 15 हजार रुपये उधार थे। कई बार पैसे मांगने के बावजूद वह रकम वापस नहीं कर रहा था। इससे नाराज होकर दोनों ने उसकी हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों के मुताबिक, उन्होंने पहले मेघपाल को शराब पिलाई। जब वह नशे में हो गया तो उसे टिकोला रजवाहे में ले जाकर पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies