
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स में परिवार के साथ आया 19 वर्षीय युवक गंगनहर में नहाते समय तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। युवक के डूबने की सूचना मिलते ही घाट पर तैनात पुलिस और आपदा राहत दल की टीम ने सर्च अभियान शुरू कर दिया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार सेलाकुई, देहरादून निवासी आरिश (19) अपने परिवार के साथ दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स में आया था। गुरुवार को वह गंगनहर घाट पर नहाने के लिए गया था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गंगनहर के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया।
युवक के डूबते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसका पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने पर पुलिस और घाट पर तैनात आपदा राहत दल की टीम मौके पर पहुंची और गंगनहर में युवक की तलाश शुरू कर दी।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गंगनहर में डूबकर लापता हुए युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। टीम लगातार युवक की तलाश कर रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies