News

8/26/2026 2:23:59 PM

उर्स मेले में बिजली ठेकेदार की मनमानी-दुकानदारों से हजारों की वसूली का आरोप..

 दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स मेले में लगे अस्थायी बाजार में बिजली व्यवस्था को लेकर ठेकेदार की कथित मनमानी बाहर से आए दुकानदारों पर भारी पड़ रही है। दुकानदारों का आरोप है कि बिजली कनेक्शन के नाम पर उनसे मनमाने तरीके से हजारों रुपये की वसूली की जा रही है। एक दुकानदार से करीब 7500 रुपये तक लिए जाने की बात सामने आई है।


दुकानदारों के मुताबिक पिछले उर्स में बिजली के लिए प्रति बल्ब महज 500 रुपये शुल्क लिया जाता था। इस बार बिजली ठेकेदार द्वारा यूनिट के हिसाब से हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं। इससे दुकानदारों में नाराजगी है। उनका कहना है कि उर्स में दुकान लगाने के लिए पहले ही बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है, ऐसे में बिजली के नाम पर अतिरिक्त वसूली से उनका आर्थिक बोझ और बढ़ गया है।दुकानदारों ने बताया कि पहले कभी इस तरह की वसूली नहीं हुई। इस बार ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहा है और निर्धारित व्यवस्था से अलग तरीके से बिजली शुल्क वसूल रहा है।दुकानदारों ने मामले की जांच कर उचित शुल्क निर्धारित कराने की मांग की है।वहीं बिजली ठेकेदार का कहना है कि उसने दरगाह से करीब 10 लाख रुपये में बिजली व्यवस्था का ठेका लिया है और वह 7000 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से बिजली सप्लाई कर रहा है। ठेकेदार ने कहा कि जिसे आपत्ति है, वह बिजली न ले। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की एवं मेला अधिकारी दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि ठेकेदार द्वारा नियमों के विपरीत वसूली की जा रही है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies