
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता और रचनात्मकता विकसित करने के उद्देश्य से रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।


विद्यार्थियों में त्योहारों के प्रति उत्साह और कलात्मक प्रतिभा को उभारने के लिए कक्षावार प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की गई थी।नर्सरी से यू.के.जी.: छोटे बच्चों के लिए 'राखी क्राफ्ट' गतिविधि। कक्षा 1 से 5: रंग-बिरंगी 'राखी मेकिंग' प्रतियोगिता। कक्षा 6 से 8: 'जन्माष्टमी क्राफ्ट' प्रतियोगिता, जिसमें छात्रों ने सुंदर मटकी, बांसुरी, मुकुट और झूले तैयार किए।


कक्षा 9 से 12: छात्राओं के लिए 'मेहंदी' प्रतियोगिता तथा छात्रों के लिए आकर्षक 'कार्ड मेकिंग' प्रतियोगिता। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी राखियों, सुंदर मेहंदी डिजाइनों और जन्माष्टमी से जुड़े मनमोहक क्राफ्ट से पूरा विद्यालय परिसर उत्सवमय माहौल में सराबोर हो गया।


विद्यालय के प्रबंधक अभिषेक चंद्रा एवं प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने विद्यार्थियों के शानदार प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चे न केवल अपनी समृद्ध संस्कृति व त्योहारों के महत्व से जुड़ते हैं, बल्कि उनमें रचनात्मकता, सहयोग, प्रेम, भाईचारे और नैतिक मूल्यों का भी विकास होता है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies