
दैनिक रुड़की ब्यूरो::
रुड़की। शहर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं पंजाबी समाज के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव ग्रोवर के निधन से रुड़की शहर में शोक की लहर है। सोमवार को हरमिलाप धर्मशाला में उनकी शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग, सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी और परिचित शामिल हुए तथा दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक सभा में महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपनी मुखवाणी से संजीव ग्रोवर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सरल स्वभाव और समाज के प्रति समर्पण लोगों के बीच उन्हें अलग पहचान दिलाता था। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, पूर्व महापौर गौरव गोयल, सुधीर शांडिल्य, प्रणय प्रताप, सुशील त्यागी, यशपाल राणा, बिट्टू शर्मा, सौरभ सिंघल, तनुज राठी, अनुज त्यागी और सूरज नेगी समेत शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने शोक सभा में पहुंचकर संजीव ग्रोवर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने कहा कि संजीव ग्रोवर बेहद सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के साथ ही लोगों के साथ उनके आत्मीय संबंध रहे। यही कारण रहा कि उनके निधन की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग शोक सभा में पहुंचे और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
शोक सभा के दौरान माहौल गमगीन रहा। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies