News

8/24/2026 11:29:14 AM

बेडपुर चौक पर ढाबा स्वामी पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान-दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने देर रात झोंका फायर, दीवार में धंसे छर्रे; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर।इमलीखेड़ा-भगवानपुर मार्ग पर बेडपुर चौक के पास रविवार देर रात बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने एक ढाबा स्वामी पर फायरिंग कर दी। हमले में ढाबा स्वामी बाल-बाल बच गया, जबकि गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे। फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।


जानकारी के अनुसार बेडपुर निवासी शोएब का इमलीखेड़ा-भगवानपुर मार्ग पर बेडपुर चौक के पास शुद्ध शाकाहारी ढाबा है। रविवार देर रात करीब दो बजे शोएब के साथी सो चुके थे, जबकि वह ढाबे पर जाग रहा था।इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश ढाबे के पास पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने अचानक शोएब को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। शोएब ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई।गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे।फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, हमलावर बाइक से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।ढाबा स्वामी शोएब ने बताया कि रात में उसके साथी सो गए थे और वह जाग रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर चार नकाबपोश युवक आए और उस पर फायरिंग कर दी। उसने बताया कि गांव में उसकी पुरानी रंजिश भी चल रही है। ऐसे में पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ढाबे पर फायरिंग की सूचना मिली है।घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies