दैनिक रुड़की (फ़िरोज़ खान)::
मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक पिता ने शक के चलते अपने दोस्त के साथ मिलकर 13 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के शव की तलाश के लिए गंगनहर में गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को मंगलौर निवासी महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उसकी 13 वर्षीय बेटी को उसका पति धनेश्वर उर्फ तोता और उसका साथी आशीष उर्फ धोल्ला घर से ले गए हैं, लेकिन वापस नहीं लौटे। पूछने पर पति गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामला गंभीर होने पर कोतवाली प्रभारी भगवान महर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी और पूछताछ के आधार पर शनिवार देर शाम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता धनेश्वर ने बताया कि उसे अपनी बेटी पर किसी से बातचीत करने का शक था। बेटी को समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी तो उसने अपने दोस्त आशीष के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
आरोपी के मुताबिक, 27 जुलाई को दोनों बच्ची को मोटरसाइकिल पर बैठाकर माता मंदिर के पास स्थित पुल पर ले गए। वहां कमीज से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंककर फरार हो गए।पुलिस ने आरोपी धनेश्वर के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस गंगनहर में बच्ची के शव की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी धनेश्वर का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मंगलौर और रुड़की कोतवाली में आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और चोरी समेत करीब छह मुकदमे दर्ज हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies