दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। कोतवाली क्षेत्र के शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से 15 वर्षीय 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए रुड़की के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला निवासी निखिल (15) कक्षा 11 में पढ़ता था। शनिवार रात करीब 10 बजे उसने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में रुड़की के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।छात्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies