
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की नौ तारीख है और देशभर से जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला लगातार तेज हो गया है। लेकिन उर्स की मुख्य रस्म शुरू होने से पहले ही कलियर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों की बदहाल तस्वीर व्यवस्था की पोल खोल रही है। जगह-जगह सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं और तेज बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भरने से जायरीनों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ऐसे में मंगलवार से शुरू होने वाली मुख्य रस्म के दौरान हजारों जायरीनों को खस्ताहाल सड़कों से होकर कलियर पहुंचना पड़ेगा।


रुड़की से पिरान कलियर आने वाले मार्ग की हालत भी बेहद खराब है। सोलानी नदी पर बने पुल पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा तक नहीं लग पा रहा है। वहीं मेहवड़ और कलियर के बीच निर्माणाधीन हाईवे के पुलों के नीचे भी बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरा हुआ है। इससे पैदल आने वाले जायरीनों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरगाह क्षेत्र के वीआईपी रोड पर झूला-सर्कस ग्राउंड के सामने बना बड़ा गड्ढा भी हादसे का सबब बना हुआ है। उर्स में लगातार बढ़ रही भीड़ के बीच इन गड्ढों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश के कारण सड़क किनारे कीचड़ जमा होने से पैदल चलने वाले जायरीनों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।उर्स की मुख्य रस्म शुरू होने में अब कुछ ही समय बचा है। इसके बावजूद कई प्रमुख मार्गों की हालत जस की तस बनी हुई है।
देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन कलियर पहुंच रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि मुख्य रस्म के दौरान भीड़ कई गुना बढ़ी तो इन खस्ताहाल मार्गों पर यातायात और पैदल आवाजाही कैसे नियंत्रित होगी। स्थानीय लोगों और जायरीनों ने प्रशासन से प्रमुख मार्गों के गड्ढे तत्काल भरवाने, जलभराव और कीचड़ की समस्या दूर करने तथा उर्स से पहले सड़कों को सुरक्षित बनाने की मांग की है।लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन सोनू त्यागी ने बताया कि गड्ढों को भरने का कार्य किया जा रहा है और कोर कॉलेज समेत अन्य मार्गो के गढ्ढो को भर दिया गया इसके अलावा अन्य मार्गो के गढ्ढो को भी भरने का कार्य किया जा रहा है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies