News

8/22/2026 7:18:48 PM

नात-ए-पाक प्रतियोगिता में गूंजी मोहब्बत और अकीदत की सदाएं, 40 बच्चों ने लिया हिस्सा

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। माह-ए-रबीउल अव्वल के मुबारक महीने के अवसर पर औन फाउंडेशन की ओर से नगर निगम सभागार में नात-ए-पाक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरिद्वार जनपद के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और मदरसों से आए करीब 40 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी मधुर आवाज में नात-ए-पाक पेश कर मौजूद लोगों की खूब वाहवाही बटोरी।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों में मोहब्बत, अकीदत और अदब की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों और अभिभावकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया।प्रतियोगिता में शान-ए-मुस्तफा ने प्रथम, मिर्जा सलीम ने द्वितीय और नदीम अख्तर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन सुरजीत सिंह गांधी, कैबिनेट मंत्री देशराज कर्णवाल और सेंट मार्क्स एकेडमी के कुँवर जावेद इकबाल समेत शहर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।औन फाउंडेशन के सचिव कुँवर शाहिद ने बताया कि माह-ए-रबीउल अव्वल के अवसर पर संस्था की ओर से हर वर्ष सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष नात-ए-पाक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल बच्चों के बीच प्रतिस्पर्धा कराना नहीं, बल्कि उनमें अदब, मोहब्बत और अकीदत की भावना को मजबूत करना भी है।

उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिले। बच्चों की प्रस्तुतियों के माध्यम से मोहब्बत और भाईचारे का संदेश भी समाज तक पहुंचे।कार्यक्रम को सफल बनाने में आसिफ अली उर्फ हैदर, आरिफ अली, बिलाल खान, गुड्डू साबरी, इनाम साबिर, संस्था के संरक्षक अमजद उस्मानी और आरिफ नियाजी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में समाजसेवी, शिक्षाविद्, अभिभावक और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बच्चों और उनके अभिभावकों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।अंत में संस्था की ओर से सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, शिक्षकों, मदरसों, शैक्षणिक संस्थानों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies