News

8/21/2026 5:11:26 PM

दरगाह की संपत्ति पर कब्जे का आरोप, साबरी गेस्ट हाउस में कमरों का ताला तोड़कर सामान खुर्द-बुर्द करने की पुलिस से शिकायत...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक की संपत्ति पर कब्जे के प्रयास और दरगाह के साबरी गेस्ट हाउस के कमरों का ताला तोड़कर सामान खुर्द-बुर्द करने के मामले में दरगाह सुपरवाइजर मोहम्मद हारून ने पिरान कलियर पुलिस को तहरीर देकर लंढौरा निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।


दरगाह सुपरवाइजर मोहम्मद हारून ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि साबरी गेस्ट हाउस के पूरब दिशा में स्थित कमरों का इस्तेमाल दरगाह के कार्य मे किया जाता है। इन कमरों में दरगाह का सामान भी रखा हुआ था। आरोप है कि लंढोरा अनीस कस्सार ने कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखा सामान खुर्द-बुर्द कर दिया और कमरों पर कब्जा करने का प्रयास किया।आरोपी ने पहले भी उक्त कमरों पर बिना अनुमति कब्जा करने का प्रयास किया था ।जिसको 2017 में उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर पुलिस बल की मदद से इन कमरों को कब्जा मुक्त कराया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति लगातार दरगाह की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies