जलभराव से परेशान स्कूल संचालक ने बच्चों के साथ किया प्रदर्शन, निगम ने मौके पर भेजे टैंकर
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। कृष्णानगर की गली नंबर 20 में लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान स्काइवार्ड स्कूल के संचालक शुक्रवार को छात्र-छात्राओं से भरी बसें लेकर नगर निगम पहुंच गए। स्कूल संचालक, शिक्षक और बच्चों के नगर निगम पहुंचने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। शिक्षकों ने नगर आयुक्त के कक्ष में ही बच्चों को बैठाकर कक्षा शुरू कर दी। इस दौरान स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि कृष्णानगर में जलभराव के कारण बच्चों और अभिभावकों को लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। स्कूल तक पहुंचने वाले रास्ते पर पानी भरा होने के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है। उनका आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
नगर निगम परिसर में बच्चों को लेकर पहुंचने और नगर आयुक्त कक्ष में कक्षा लगाए जाने के बाद मामला गरमा गया। आनन-फानन में निगम अधिकारियों ने मौके का रुख किया और जल निकासी के लिए टैंकर लगवाए। स्कूल प्रधानाचार्य ने कहा कि उन्हें अस्थायी राहत नहीं, बल्कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान चाहिए, ताकि भविष्य में बच्चों और अभिभावकों को परेशानी न हो।
प्रदर्शन में राजनीति चमकाने पहुंचे नेता
प्रदर्शन के दौरान एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल के नेता भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि नेता ने प्रदर्शन को अपने राजनीतिक तरीके से संचालित करने का प्रयास किया। इसी दौरान मीडिया कर्मियों से भी उनकी नोकझोंक हो गई। मीडिया कर्मियों ने नेता को मौके पर ही खरी-खरी सुनाई और भविष्य में मर्यादा में रहकर काम करने की सलाह दी। जलभराव की समस्या के बीच राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर मौके पर काफी देर तक माहौल गर्म रहा।
स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन करना नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराना है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies