
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
हरिद्वार/रुड़की। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसडीएम रुड़की देवेंद्र नेगी सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर अपने सुझाव और आपत्तियां रखीं। कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत और अधिवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि SIR के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत या फर्जी शिकायत के आधार पर कटवाने का प्रयास किया जाता है तो ऐसे मामलों में उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि पात्र मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और उनका समाधान किया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल गलत या फर्जी शिकायत के आधार पर किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies