News

8/19/2026 4:31:02 PM

घर में खड़े ईवी स्कूटर में लगी आग, छह सदस्य बाल-बाल बचे

बैटरी विक्रेता पर गलत बैटरी देने का आरोप, सिविल लाइंस कोतवाली में दी तहरीर


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। पनियाला रोड स्थित शिवपुरम में बुधवार देर रात घर में खड़े ईवी स्कूटर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय घर में छह सदस्य मौजूद थे। परिजनों ने समय रहते स्कूटर को घर से बाहर निकालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। स्कूटर स्वामी ने बैटरी विक्रेता पर खराब बैटरी देने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।

शिवपुरम निवासी रविकांत त्यागी ने बताया कि उनके पास लंबे समय से ईवी स्कूटर है। पिछले माह स्कूटर की बैटरी खराब हो गई थी। इसके बाद उन्होंने मलकपुर चुंगी के समीप स्थित एक यूनाइटेड साइंटिफिक स्कूटर शोरूम से नई बैटरी खरीदी थी। आरोप है कि शोरूम संचालिका ने बैटरी पर दो साल की गारंटी दी थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद बैटरी में खराबी आ गई।

रविकांत त्यागी के अनुसार, बैटरी बदलवाने के लिए वह शोरूम पहुंचे, लेकिन संचालिका ने बैटरी बदलने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह स्कूटर को वापस घर ले आए और खड़ा कर दिया।देर रात अचानक स्कूटर में आग लग गई। रविकांत त्यागी और उनके पुत्र शिवम त्यागी ने बताया कि आग लगते ही परिवार में हड़कंप मच गया। उन्होंने किसी तरह स्कूटर को घर से बाहर निकाला और दमकल विभाग तथा पुलिस को सूचना दी।

परिजनों का कहना है कि स्कूटर के बराबर में अन्य वाहन भी खड़े थे। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग दूसरे वाहनों के साथ ही घर तक पहुंच सकती थी। इससे घर में मौजूद छह सदस्यों की जान को भी खतरा हो सकता था।स्कूटर स्वामी ने आरोप लगाया कि खराब बैटरी के कारण ही स्कूटर में आग लगी है। उन्होंने मामले की जांच कराने और बैटरी विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस संबंध में हमारे द्वारा शोरूम संचालिका से उनका पक्ष जानना चाह  तो उन्होंने कुछ भी कहने से  इंकार कर दिया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies