
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। उत्तराखंड किसान मोर्चा ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर बुधवार को तहसील परिसर स्थित ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने की अध्यक्षता सुभाष चौधरी ने की, जबकि संचालन दीपक पुंडीर ने किया।

धरने के दौरान किसान नेताओं ने इकबालपुर चीनी मिल पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान का शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठाई। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक लगाने, सुरक्षा के नाम पर की जा रही कथित वसूली पर रोक लगाने तथा उत्तर प्रदेश की तर्ज पर किसानों के ट्यूबवेलों की बिजली मुफ्त किए जाने की मांग की गई।
किसान मोर्चा ने हरिद्वार जिले के लोगों को मूल निवास प्रमाण पत्र जारी करने और आगामी गन्ना सीजन के लिए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की भी मांग रखी।राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि किसानों के सभी प्रमुख मुद्दों को लेकर आंदोलन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने सरकार और प्रशासन से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
धरने में चौधरी राजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र चौधरी, मोहम्मद आजम, सरदार जसबीर सिंह, आकिल हसन, अरेंद्र लंबरदार, राजपाल सिंह, सतबीर सिंह, नरेंद्र सिंह, नेपाल सिंह, मोहम्मद पाबीर, सहवान, अनवर हसन, चंद्रशेखर यादव, सोहनबीर सिंह, जमील अहमद, सुरेश, कंवरपाल, संजीव कुमार, परीक्षित कुमार, जॉनी कुमार, महावर सिंह, अरुण, अनीश अहमद, अलेमान, अनिल कुमार सहित कई किसान मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies