News

8/18/2026 4:48:40 PM

अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा-आग की घटना के बाद बाजारों में कार्रवाई तेज...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के उर्स के दौरान अजमेरी बाजार में हुई आग की घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी। मंगलवार को नायब तहसीलदार सुभाष जेमनी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में टीम जेसीबी लेकर बाजार में पहुंची और दुकानों के बाहर सड़क तक किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।

देर रात दरगाह साबिर पाक के पहाड़ी गेट के पास अजमेरी बाजार में तीन दुकानों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई थी। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में अतिक्रमण के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने मेला क्षेत्र के बाजारों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी।

मंगलवार को टीम ने मुख्य बाजारों में दुकानों के सामने सड़क तक बढ़ाए गए छज्जों और दुकानों के अतिरिक्त हिस्सों को जेसीबी से ध्वस्त कराया। इसके साथ ही दुकानों के बाहर लगाए गए पन्ने और तिरपाल भी हटाए गए। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने बाजार के रास्तों को खुला रखने पर विशेष जोर दिया।उर्स के चलते दरगाह क्षेत्र में देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं। ऐसे में बाजारों में दिन-रात भीड़ बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि आपात स्थिति में दमकल, एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा न हो, इसके लिए रास्तों को अतिक्रमणमुक्त रखना जरूरी है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि दुकानों के सामने किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी दुकानदार द्वारा दोबारा अतिक्रमण किया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान एसएसआई राजेश सिंह बिष्ट, एसआई संदीप देवरानी, लेखपाल गुलाफ्शा मलिक, लेखाकार सद्दाम, सुपरवाइजर सिकंदर हुसैन समेत प्रशासन और पुलिस के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies