
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले की तैयारियों के बीच सोमवार को जर्मन हैंगर के गेट पर काम करते समय एक मजदूर की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि काम के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।

जानकारी के अनुसार उर्स/मेले के लिए पार्किंग स्थल पर जर्मन हैंगर लगाने का कार्य चल रहा है। सोमवार को जर्मन हैंगर के गेट पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान रामचंद्र (38) पुत्र सुखलाल, निवासी रघुनाथ खेड़ा थाना बछरावां जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश) का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जर्मन हैंगर पर काम करने वाले मजदूर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के कार्य कर रहे थे। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार की ओर से मजदूरों को सुरक्षा कवच और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies