News

8/17/2026 11:16:09 PM

कलियर उर्स में उमड़ेगा सैलाब-खुफिया विभाग पर सवाल-संदिग्धों पर नजर आखिर कितनी पैनी....

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स/मेले का आगाज 13 अगस्त को झंडा फहराने कुशाई और 14 अगस्त को मेंहदी डोरी की रस्म के साथ हो चुका है।आगे होने वाली उर्स की मुख्य रस्मों के साथ मेले में जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और जायरीनों की नजर पुलिस-प्रशासन की तैयारियों पर टिकी है। खासतौर पर स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) की सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हर साल उर्स/मेले के दौरान एलआईयू की टीमें मेला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखती हैं और संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जाता है। पूर्व में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के पकड़े जाने की कार्रवाई भी सामने आती रही है। इसके बावजूद इस बार अभी तक एलआईयू की ओर से ऐसी किसी बड़ी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। इससे सवाल उठना लाजिमी है कि क्या इस बार मेला क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां नहीं हैं या फिर खुफिया तंत्र की निगरानी कमजोर पड़ गई है? उर्स मेले में देशभर से लाखों की संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। भीड़ के बीच संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनके दस्तावेजों का सत्यापन सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा है। ऐसे में यदि संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए अभियान ही प्रभावी ढंग से नहीं चलाया गया तो यह सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हो सकता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले की भीड़ बढ़ने से पहले ही एलआईयू को बाहरी और संदिग्ध लोगों,अस्थायी दुकानदारों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों का सत्यापन तेज करना चाहिए और मेला क्षेत्र में आने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाकर उनका रिकॉर्ड खंगाला जाना चाहिए।सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एलआईयू किसी अप्रिय घटना के बाद जागेगी? भीड़ बढ़ने का इंतजार करने के बजाय अभी से संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसना जरूरी है। सुरक्षा एजेंसियों की छोटी सी चूक भी उर्स जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में भारी पड़ सकती है।हालांकि किसी व्यक्ति को केवल शक के आधार पर विदेशी नागरिक या अपराधी मानना उचित नहीं है। पहचान और नागरिकता का सत्यापन नियमानुसार किया जाना जरूरी है। ऐसे में अब देखना होगा कि आगामी दिनों में एलआईयू और पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर कितना गंभीर अभियान चलाती है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies