News

8/17/2026 3:58:43 PM

रक्तदान की आड़ में ‘खून के सौदागरों’ का खेल! लक्सर पुलिस ने खोला अवैध ब्लड कैंप का राज

27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार; दो वाहन समेत ब्लड कलेक्शन का सामान जब्त


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


लक्सर। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में कथित रूप से अवैध तरीके से रक्त एकत्र करने वाले गिरोह का लक्सर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिना अनुमति गांव-देहात में ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त एकत्र करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, रक्त संग्रह और जांच से संबंधित उपकरण तथा दो वाहन बरामद किए गए हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त को लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित रूप से गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगा रहे हैं। आरोप है कि इन कैंपों में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रक्त एकत्र किया जा रहा था और उसे अधिक कीमत पर अन्य राज्यों में बेचने का प्रयास किया जा रहा था।


सूचना के बाद चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।


स्विफ्ट कार की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। साथ ही रक्त संग्रह, जांच और माप से संबंधित उपकरण भी मिले। दूसरी ओर स्कॉर्पियो एन कार से चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद की गईं।


पांच आरोपी गिरफ्ता


पुलिस ने मामले में अनित सैनी निवासी फतवा लक्सर, शुभम कुमार निवासी माड़ा बेला खानपुर, दुष्यन्त कुमार निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी बिजनौर, कावेन्द्र कुमार निवासी हरतला मुरादाबाद और दया सिंह निवासी ईसमपुर ढाणा, सम्भल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा बिना आवश्यक अनुमति अथवा लाइसेंस के रक्तदान शिविर आयोजित करने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।इस संबंध में कोतवाली लक्सर मेंमुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


यह सामान हुआ बरामद


पुलिस ने 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, बीपी मशीन, एचबी मशीन, ब्लड ग्रुप जांच सामग्री, डोनर फॉर्म बुक, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा, चार हाथ बांधने वाली बेल्ट, वेट मशीन, चार ब्लड डोनर चेयर, ब्लड यूनिट मापने वाली मशीन तथा दो वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies