
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। हल्द्वानी में 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद भाजपा द्वारा किए गए शुद्धीकरण हवन का मुद्दा अब उत्तराखंड की सियासत में बड़ा रंग ले चुका है। इसी विरोध में कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में रविवार को नगर एक बैंकट हॉल में मंगलौर विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन के नेतृत्व में दलित समाज के साथ एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सभा में भारी संख्या में लोग शामिल हुए।


इस दौरान सैकड़ों लोगों ने भाजपा की नीतियों से नाराज होकर भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने एक स्वर में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। सभा को संबोधित करते हुए विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि आज 2026 में भी भाजपा की सरकार में छुआछूत जैसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं। यह बहुत शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम समाज इस अपमान को कभी माफ नहीं करेगा और इसका जवाब वोट की चोट से दिया जाएगा। वहीं इस मौके पर मौजूद झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि भाजपा के ही इशारे पर दलित और मुस्लिम समाज को एसआई आर के नाम पर जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। 2027 में जनता इसका हिसाब करेगी।
दोनों विधायकों ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा कर सकती है। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी नए कार्यकर्ताओं को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें पार्टी की मजबूती के लिए काम करने का आह्वान किया गया। सभा में बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies