News

8/14/2026 7:08:00 PM

महिला संस्कृत महोत्सव में बिखरे तीज के रंग, महिलाओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। नगर निगम परिसर में महिला संस्कृत महोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने तीज पर्व की खुशियां साझा करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में महिलाओं ने संगीत की धुन पर नृत्य कर जमकर उत्सव मनाया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल रहीं। इस अवसर पर हरिद्वार की महापौर किरण जायसवाल, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी मनीषा बत्रा सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन नामित पार्षद चांदनी मांगलिक ने किया।

महापौर अनीता अग्रवाल ने कहा कि नारी का सम्मान सभी के लिए गौरव और अभिमान का विषय है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण और संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित होने चाहिए। इससे महिलाओं में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

हरिद्वार की महापौर किरण जायसवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि रुड़की में आयोजित यह आयोजन वास्तव में सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रमों में महिलाओं को एक-दूसरे से मिलने, साथ बैठने और खुशियां साझा करने का अवसर मिलता है, जिससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। भगवान शिव, माता पार्वती और शिव परिवार की प्रतिमाएं भेंट कर भी महिलाओं का सम्मान किया गया। महापौर अनीता अग्रवाल की ओर से महिलाओं को तीज के अवसर पर सुहाग पोटली भी भेंट की गई। इस पहल की महिलाओं ने सराहना की।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीलकमल शर्मा, पूनम अग्रवाल, अनुराधा धीमान, शैली त्यागी सहित नगर निगम की पार्षद प्रीति भारद्वाज, पूनम, रिशु वर्मा, सीमा, नेहा सैनी, शिवानी सैनी, नीतू शर्मा, आकांक्षा अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, सीमा वर्मा, रीना अग्रवाल, ममता, सावित्री, रश्मि चौधरी, सुनीता गोस्वामी, मीनाक्षी गोस्वामी, सुनीता सैनी, संगीता सैनी, मितुषी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies