News

8/14/2026 5:46:25 PM

सही वोट पर फर्जी आपत्ति लगाने वालों पर हो कानूनी कार्रवाई, उग्र आंदोलन की चेतावनी

उत्तराखंड किसान मोर्चा ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसपी देहात को सौंपा ज्ञापन, गलत तरीके से वोट काटने पर आंदोलन की चेतावनी


रुड़की। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम पर कथित रूप से गलत और फर्जी आपत्तियां दर्ज कराए जाने के विरोध में उत्तराखंड किसान मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को संगठन के राष्ट्रीय सचिव समीर आलम के नेतृत्व में पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।

मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव समीर आलम ने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोग द्वेषभावना और साजिश के तहत निर्दोष ग्रामीणों के वैध वोट कटवाने के उद्देश्य से फर्जी आपत्ति पत्र दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। यदि वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ गलत आपत्तियां लगाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

मोर्चा पदाधिकारियों सरवर अली और शमशाद अली ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना ठोस आधार के किसी मतदाता के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराता है तो उसकी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि फर्जी आपत्तियों को स्वीकार करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही गलत तरीके से आपत्ति दर्ज कराने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की अनावश्यक या फर्जी आपत्ति को आधार बनाकर किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की नियमानुसार जांच की जाएगी।

वहीं, एसपी देहात ने भी प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि फर्जी प्रार्थना पत्र तैयार कर प्रशासन को गुमराह करने वाले लोगों के खिलाफ जांच के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान राष्ट्रीय सचिव समीर आलम, सरवर अली, शमशाद अली समेत मोर्चा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies