आपत्ति में विधायक को कलियर का निवासी नहीं बताया, नाम सामने आए मो. फुरकान ने शपथ पत्र देकर कहा—मैंने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
कलियर। कलियर विधानसभा क्षेत्र में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान विधायक हाजी फुरकान अहमद के नाम पर दर्ज एक आपत्ति को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। आपत्ति में विधायक को कलियर विधानसभा क्षेत्र का निवासी नहीं बताया गया है। खास बात यह है कि जिस व्यक्ति के नाम से यह आपत्ति दर्ज होना बताया जा रहा है, उसने स्वयं आपत्ति दर्ज कराने से साफ इनकार कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बूथ संख्या 121 के निवासी मो. फुरकान के नाम से विधायक हाजी फुरकान अहमद के संबंध में SIR के तहत आपत्ति दर्ज की गई। इसमें विधायक के कलियर विधानसभा क्षेत्र का निवासी होने पर सवाल उठाया गया है।

मामला सामने आने के बाद कथित आपत्तिकर्ता मो. फुरकान से जानकारी ली गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने विधायक के खिलाफ किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई है। उनका कहना है कि न तो उन्होंने कोई आपत्ति दी और न ही विधायक के नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए किसी तरह की कार्रवाई की।
मो. फुरकान ने अपने पक्ष को स्पष्ट करने के लिए शपथ पत्र भी दाखिल किया है। इसमें उन्होंने विधायक के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने से साफ इनकार किया है। शपथ पत्र सामने आने के बाद अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर विधायक के नाम पर आपत्ति किसने दर्ज कराई।
एसडीएम से मिलकर रखेंगे अपना पक्ष: विधायक
मामले को लेकर विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि SIR प्रक्रिया के तहत उनके नाम पर आपत्ति दर्ज होने की जानकारी उन्हें मिली है। आपत्ति में उन्हें कलियर का निवासी नहीं बताया गया है, जबकि जिस व्यक्ति के नाम से आपत्ति दर्ज होना बताया जा रहा है, वही व्यक्ति आपत्ति दर्ज कराने से इनकार कर रहा है और शपथ पत्र भी दे चुका है।
विधायक ने कहा कि वह इस मामले को लेकर एसडीएम दीपक सेठ से मुलाकात करेंगे और अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए और यह स्पष्ट होना चाहिए कि उनके नाम पर आपत्ति किस आधार पर और किसके द्वारा दर्ज की गई।
किसने दर्ज कराई आपत्ति, जांच पर टिकी नजर
कथित आपत्तिकर्ता के इनकार और शपथ पत्र के बाद अब पूरे मामले में आपत्ति दर्ज होने की प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। विधायक की ओर से एसडीएम से मुलाकात किए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
SIR से संबंधित दस्तावेजों और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया की जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि विधायक के नाम पर आपत्ति किसने दर्ज कराई और इसके पीछे वास्तविक तथ्य क्या हैं। फिलहाल विधायक के नाम पर दर्ज आपत्ति और कथित आपत्तिकर्ता के शपथ पत्र को लेकर कलियर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies