News

8/14/2026 1:41:51 PM

तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। खानपुर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा खानपुर स्थित जटा शंकर आश्रम से शुरू हुई और विभिन्न गांवों से होती हुई ढंडेरा स्थित वाटिका में पहुंचकर संपन्न हुई।

कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पूर्व सैनिकों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा कर देशवासियों को सुरक्षित रखते हैं और आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि अब सभी को केवल देश के लिए मरना ही नहीं, बल्कि देश के लिए जीना भी सीखना होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की बड़ी लड़ाई भ्रष्टाचार और नशाखोरी के खिलाफ है। युवाओं को नशे से बचाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, महामंत्री सागर गोयल, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह, रानी देवयानी, विकास पाल, प्रदीप पाल, विजय पंवार, अशोक राणा, सुबोध शर्मा, बबलू राणा, अतुल, मोहित कौशिक, विकास त्यागी, बृजेश त्यागी आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies