News

8/12/2026 9:59:24 PM

मोहम्मदपुर के युवक को गोली मारने से मचा हड़कंप, प्रियांशु घायल; छेड़छाड़ के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला...

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। कोतवाली रुड़की क्षेत्र के दिल्ली रोड के नजदीक डबल फाटक रेलवे पुल के समीप मोहम्मदपुर गांव के एक युवक को गोली मारे जाने का मामला सामने आया है। फायरिंग की घटना में 18 वर्षीय प्रियांशु पुत्र संदीप घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने घायल युवक को रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार घायल युवक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।


बताया जा रहा है कि मोहम्मदपुर निवासी तीन युवक किसी काम से गांव से बाहर गए थे। इसी दौरान मोहनपुरा के एंट्री गेट के पास मेडिकल स्टोर के नजदीक बाइक सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से प्रियांशु घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी बताए जा रहे युवक मौके से फरार हो गए।


मामले की जानकारी देते हुए मोहम्मदपुर निवासी कीरत पाल कर्णवाल ने बताया कि युवकों के बीच पहले से ही इंस्टाग्राम सोशल मीडिया के माध्यम से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले में लिखित शिकायत देने के लिए वह रुड़की कोतवाली जा रहे हैं।


कीरत पाल कर्णवाल ने पुलिस से मांग की कि सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं के बीच बढ़ रहे विवादों को गंभीरता से लिया जाए और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।


वहीं घायल प्रियांशु के ताऊ ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके भतीजे का किसी अन्य युवकों के साथ विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह अपने घायल भतीजे की ओर से पुलिस को तहरीर देने के लिए रुड़की कोतवाली जा रहे हैं।

दैनिक रुड़की के संवाददाता ने फोन के माध्यम से एसपी देहात शेखर चंद सुयाल से घटना के संबंध में जानकारी ली। एसपी देहात ने बताया कि पुलिस को फायरिंग की घटना की सूचना मिली थी और घटना घटित हुई है। गोली लगने से घायल युवक की स्थिति खतरे से बाहर है।


उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला दूसरे पक्ष की बहन के साथ कथित छेड़छाड़ से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।एसपी देहात ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और दोनों पक्षों की ओर से सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही फायरिंग की घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies