
पुरानी रंजिश और कारोबार में नुकसान को लेकर की अंकित की हत्या, बाइक से बांधकर गंगा में डुबोया शव
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
लक्सर। दो-तीन अगस्त की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान के लापता होने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार अंकित की उसके गांव के ही चार लोगों ने पुरानी रंजिश और कारोबार में हो रहे नुकसान के चलते हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से नदी से शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
अंकित चौहान दो-तीन अगस्त की रात मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की सूचना पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मोबाइल टावरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। मैनुअल जांच के दौरान पुलिस को अंकित की गांव के ही सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी से पुरानी रंजिश होने की जानकारी मिली। इसके बाद चारों से पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि अंकित ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन की पुलिस को मुखबिरी कर देता था। इसके चलते उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। इसी रंजिश में चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
आरोपियों ने बताया कि दो अगस्त की रात अंकित जब मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल रोककर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर के समीप गंगा नदी में डुबो दिया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ की गोताखोर टीम को मौके पर बुलाया। कई घंटे के प्रयास के बाद गंगा नदी से अंकित का शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238 और 61(2) की बढ़ोतरी की गई है।पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में खानपुर थाना क्षेत्र के हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सचिन पुत्र पवन, मेहकार पुत्र पवन, कुलवंत पुत्र कल्लू और अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, सभी निवासी शिवपुरी रायसी शामिल हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies