
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की तैयारियां तेज हो गई हैं। जायरीनों के ठहरने के लिए दरगाह प्रशासन की ओर से लाखों रुपए की लागत से जर्मन हैंगर लगाए जा रहे हैं। वहीं दरगाह कार्यालय के सामने बने मेहमानखाना (मुसाफिरखाने) को टीन शेड लगाकर बंद कर दिया गया है। मेहमानखाने में रह रहे लोगों को भी बाहर कर दिया गया। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है।


13 अगस्त को चांद दिखाई देने पर मेहंदी डोरी की रस्म के साथ साबिर पाक का सालाना उर्स शुरू हो जायगा। उर्स में शामिल होने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं।ऐसे में बारिश के मौसम में मेहमानखाना बंद किए जाने से लोगो के सामने ठहरने की समस्या खड़ी होने की आशंका है।दरगाह प्रशासन उर्स के दौरान जायरीनों के ठहरने के लिए जर्मन हैंगर तैयार करा रहा है। 
दूसरी ओर मेहमानखाना(मुसाफिरखाने) को टीन से बंद किए जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है। बारिश में यहां ठहरने वाले लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।तहसीलदार रुड़की एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने बताया कि मेहमानखाना(मुसाफिरखाने)में कुछ लोग लंबे समय से कब्जा जमाए होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के आधार पर मेहमानखाना खाली कराकर फिलहाल बंद किया गया है।और साफ सफाई कराकर उर्स के दौरान जायरीनों की भीड़ बढ़ने पर इसे खोल दिया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies