News

8/10/2026 10:46:12 AM

रुड़की में सिल्वर सिटी मॉल के पास खड़ी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़, शीशे चकनाचूर चार लोगों के गाड़ी से पहुंचने की सूचना, पुरानी रंजिश के चलते वारदात की आशंका; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बीती रात सिल्वर सिटी मॉल के पास खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। हमलावरों ने स्कॉर्पियो का फ्रंट शीशा और चालक पक्ष के दोनों शीशे तोड़ दिए। घटना के समय गाड़ी में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

बताया गया है कि स्कॉर्पियो स्वामी अपनी गाड़ी को सिल्वर सिटी मॉल के पास खड़ा कर एक दोस्त की कार से देहरादून के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी को निशाना बना लिया। कुछ देर बाद गाड़ी स्वामी को फोन के माध्यम से वाहन में तोड़फोड़ की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि एक वाहन में सवार होकर करीब चार लोग मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने स्कॉर्पियो के शीशे तोड़े और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना को लेकर पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी हमले की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जिस तरह से वाहन को निशाना बनाया गया, उससे यह भी सवाल उठ रहा है कि कहीं हमलावरों का मकसद केवल गाड़ी में तोड़फोड़ करना था या इसके पीछे गाड़ी स्वामी को डराने अथवा निशाना बनाने की कोई अन्य वजह थी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों और उनके वाहन की पहचान की जा सके। गाड़ी स्वामी की ओर से तहरीर दिए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies