दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट और सज्जादानशीन परिवार के सदस्यों के साथ उर्स से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया।
पिरान कलियर कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में सज्जादानशीन परिवार के शाह यावर मियां ने उर्स/मेले के दौरान होने वाली पारंपरिक रस्मों की जानकारी देते हुए झंडा कुशाई (फहराने), मेहंदी डोरी रस्म सहित अन्य प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इस दौरान उन्होंने जायरीनों (श्रद्धालुओं)की भीड़ को देखते हुए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। शाह यावर मियां ने सीओ सुमित पांडेय को दरगाह साबिर पाक के उर्स/मेले के कार्यक्रम का चित्र भी भेंट किया।बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों ने सज्जादानशीन की पुरानी कोठी, पहाड़ी गेट, मेहंदी डोरी मार्ग तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। और भीड़ प्रबंधन, आवागमन और धार्मिक रस्मों के दौरान आवश्यक सुरक्षा इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई।सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय ने बताया कि उर्स/मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।सज्जादानशीन परिवार से प्राप्त सुझावों के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस दौरान शाह यावर मियां, यासिर मियां, सज्जादानशीन प्रतिनिधि शाह सुहैल मियां, अदील हबीब, गाजी मियां, मुनव्वर अली, खालिक मियां, नामिर साबरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies