
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
हरिद्वार। पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में व्यापक आपदा राहत एवं बचाव व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में बी.ई.जी. (बंगाल इंजीनियर ग्रुप) रुड़की के प्रशिक्षित सेना के गोताखोर गंगा घाटों और संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।
गंगा के तेज बहाव और भारी भीड़ के बीच सेना के ये जांबाज जवान हर पल सतर्क रहकर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनकी तत्परता, साहस और अनुशासन के कारण हजारों कांवड़ियों को सुरक्षित वातावरण में गंगास्नान एवं गंगाजल भरने का अवसर मिल रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और सेना के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, जिसके चलते कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बी.ई.जी. (बंगाल इंजीनियर ग्रुप) रुड़की के गोताखोरों की निस्वार्थ सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा इस महापर्व में मानवता की मिसाल बनकर सामने आई है। गंगा घाटों पर उनकी सतत मौजूदगी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा का मजबूत भरोसा बनी हुई है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies