
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रुड़की नगर निगम में हुई एक बैठक के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। वार्ड-40 के पार्षद मनोज कुमार की शिकायत पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने पार्षद शिवम अग्रवाल एवं उनके पिता मनोज अग्रवाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता मनोज कुमार, जो अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं, ने आरोप लगाया है कि 31 जुलाई 2026 को शाम करीब 4:30 बजे नगर निगम कार्यालय में कई पार्षदों और अन्य लोगों की मौजूदगी में चर्चा चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शिकायत में आरोप है कि शिवम अग्रवाल और मनोज अग्रवाल ने उनके साथ गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया तथा लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उनकी ओर तानते हुए जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के समय नगर निगम के कई पार्षद और अन्य लोग मौके पर मौजूद थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। घटनास्थल के उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि यह मामला एफआईआर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्णय पुलिस जांच और न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही होगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies