
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। कॉमनवेल्थ गेम्स की शॉट पुट स्पर्धा में भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व करते हुए नगर पंचायत ढण्ड़ेरा के आदर्श शिवाजी नगर निवासी लेस नायक शुभम जुयाल ने रजत (सिल्वर) पदक जीतकर क्षेत्र, उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शुभम वर्तमान में भारतीय सेना की 51 इंजीनियर यूनिट, पुणे में सेवारत हैं।

शुभम की इस सफलता पर नगर पंचायत ढण्ड़ेरा के चेयरमैन सतीश नेगी उनके आवास पहुंचे और उनकी माता अनीता देवी तथा पत्नी निशा को बधाई देकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शुभम जुयाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर ढण्ड़ेरा और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि शुभम भविष्य में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान और ऊंचा करेंगे।
सतीश नेगी ने बताया कि शुभम की माता अनीता देवी का पैतृक गांव खेड़ा, सतपुली (जनपद पौड़ी गढ़वाल) है, जबकि परिवार वर्तमान में आदर्श शिवाजी नगर, ढण्ड़ेरा में निवास करता है। उन्होंने शुभम की पत्नी निशा की भी सराहना करते हुए कहा कि वह स्वयं वर्ष 2019 में राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। खेलों के प्रति समर्पित यह परिवार युवाओं के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर सतीश नेगी ने कहा कि नगर पंचायत ढण्ड़ेरा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भूमि रही है। यहां से भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, क्रिकेटर आकाश मंडवाल तथा एशियन गेम्स पदक विजेता स्वर्गीय फतेह सिंह नेगी सहित कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में आधुनिक खेल मैदान और खेल सुविधाओं का विकास कराया जाए, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके और वे देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीत सकें।
इस दौरान पूर्व पार्षद जितेंद्र नेगी, पूर्व आदर्श शिवाजी नगर कॉलोनी अध्यक्ष शिवचरण बिंजोला, आतेश, अंकित रावत, गंगा सिंह बिष्ट, मनोज सहित अन्य लोगों ने भी शुभम जुयाल की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए परिवार को बधाई दी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies