
दैनिक रुड़की (राजेश कुमार)::
नारसन। कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नारसन बॉर्डर पर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। पुलिस ने अभियान चलाकर 12 फीट से अधिक ऊंची कांवड़ और बड़े डीजे वाहनों की जांच की। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिलने पर ऐसे डीजे वाहनों को बॉर्डर से ही वापस भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन संचालकों और कांवड़ियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई वाले डीजे वाहन और कांवड़ यात्रा के दौरान हादसों का कारण बन सकते हैं। इसी को देखते हुए नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के दौरान किसी भी शिवभक्त के साथ कोई अप्रिय घटना न हो और सभी श्रद्धालु सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा मानकों का पालन करें और यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखें, ताकि कांवड़ मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies