News

8/1/2026 11:58:42 PM

कांवड़ मेले में बवाल: कांवड़ खंडित होने पर कार चालक से मारपीट, वाहन में तोड़फोड़; एक आरोपी हिरासत में

दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::


मंगलौर। कांवड़ मेले के दौरान मंगलौर हाईवे फ्लाईओवर के पास शनिवार देर शाम उस समय हंगामा हो गया, जब एक कार की टक्कर से एक कांवड़िए की कांवड़ खंडित हो गई। इसके बाद कुछ कांवड़ियों ने कार चालक के साथ मारपीट कर उसकी कार में तोड़फोड़ कर दी। मामले में मंगलौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर शाम गोल्डन ढाबा के पास हाईवे फ्लाईओवर के निकट कुछ कांवड़ियों द्वारा एक कांवड़िए के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी भगवान महर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर माहौल शांत करा दिया था।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि हरियाणा नंबर की एक अल्टो कार हरिद्वार से दिल्ली की ओर जा रही थी। कार चालक भी कांवड़िया था और हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गोल्डन ढाबा फ्लाईओवर के पास कार की टक्कर एक अज्ञात कांवड़िए की कांवड़ से हो गई, जिससे कांवड़ खंडित हो गई। इसके बाद वहां मौजूद कुछ अज्ञात कांवड़ियों ने कार चालक के साथ मारपीट कर दी और उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पीड़ित कार चालक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अपील करते हुए कहा कि कांवड़ मेला आस्था और श्रद्धा का पवित्र पर्व है। सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से यात्रा पूरी करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था भंग करने या हिंसा करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies