News

8/1/2026 7:00:06 PM

"किसानों का हक नहीं मिला तो होगा आर-पार का आंदोलन"::गुलशन रोड..

मरगूबपुर-दीदाहेड़ी की महापंचायत में हजारों किसानों का हुंकार, गन्ना भुगतान, स्मार्ट मीटर, मुफ्त बिजली और पुलिस कार्रवाई पर सरकार को घेरा

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। उत्तराखंड किसान मोर्चा के बैनर तले मरगूबपुर-दीदाहेड़ी में आयोजित विशाल महापंचायत में हजारों किसानों ने भाग लिया। महापंचायत में गन्ना भुगतान, स्मार्ट मीटर, मुफ्त बिजली, बिजली विभाग की छापेमारी और किसानों पर दर्ज किए जा रहे मुकदमों सहित कई अहम मुद्दों पर सरकार के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई गई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में बड़ा जनांदोलन छेड़ा जाएगा।

उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि इकबालपुर शुगर मिल पर किसानों का करोड़ों रुपये का गन्ना भुगतान बकाया है, जिससे किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल बकाया भुगतान कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसानों का पैसा जल्द नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

गुलशन रोड ने स्मार्ट मीटर योजना का विरोध करते हुए कहा कि यह योजना किसानों और आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाली है। उन्होंने सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड के किसानों को भी 12 घंटे निशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि सिंचाई की लागत कम हो और किसानों को राहत मिल सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग छापेमारी के नाम पर किसानों का उत्पीड़न कर रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस द्वारा किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने की घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई तुरंत बंद होनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष महकार सिंह ने कहा कि किसान अपनी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उत्तराखंड किसान मोर्चा गांव-गांव जाकर किसानों को संगठित करेगा और चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।

महापंचायत में धर्मेंद्र सिंह, मोहम्मद आजम, आकिल हसन, अदनान नवाज शेख, सरदार जसबीर सिंह, मुस्तफा, इमरान, सुलेमान, राजपाल प्रधान, जफर प्रधान, मनवर हसन, अक्षय, सतबीर प्रधान, दुष्यंत, नरेंद्र और वीरेंद्र सैनी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। महापंचायत में सभी ने एक स्वर में किसानों के अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies