News

8/1/2026 2:57:51 PM

कावड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, शिवभक्तों की सेवा में जुटा प्रेस क्लब ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसपी देहात ने फीता काटकर किया उद्घाटन, कांवड़ियों को बांटा प्रसाद

सेवा ही सबसे बड़ा धर्म, शिवभक्तों की हर संभव सहायता हमारा संकल्प::दीपक मिश्रा


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। प्रेस क्लब रुड़की समिति की ओर से शनिवार को कावड़ सेवा शिविर का शुभारंभ धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट और एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने फीता काटकर किया। इससे पूर्व दोनों अतिथियों ने प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा, महासचिव अश्विनी उपाध्याय तथा समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर शिविर की मंगल शुरुआत की। उद्घाटन के बाद शिवभक्त कांवड़ यात्रियों को हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।

मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि कावड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का भी प्रतीक है। ऐसे सेवा शिविर श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग सराहनीय है।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने शिविर संचालकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और श्रद्धालुओं को अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने प्रेस क्लब रुड़की समिति के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाजहित में किए जाने वाले ऐसे प्रयास प्रेरणादायी हैं।

प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि पत्रकार केवल खबरों के माध्यम से समाज की सेवा नहीं करते, बल्कि जरूरत पड़ने पर समाज के बीच उतरकर मानवता का भी परिचय देते हैं। उन्होंने कहा कि कावड़ सेवा शिविर का उद्देश्य शिवभक्तों को भोजन, जल, प्राथमिक उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, "शिवभक्तों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। जब तक कांवड़ यात्रा चलेगी, प्रेस क्लब का प्रत्येक सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा रहेगा। हमें विश्वास है कि सेवा का यह छोटा सा प्रयास भोलेनाथ की कृपा का माध्यम बनेगा और समाज में सहयोग व भाईचारे का संदेश देगा।"महासचिव अश्विनी उपाध्याय ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर टीना शर्मा, भंडारा संचालन समिति के अध्यक्ष सुभाष सक्सेना, उपाध्यक्ष रियाज कुरैशी, सचिव नितिन कुमार, कोषाध्यक्ष विनीत त्यागी, निदेशक दीपक अरोड़ा, अंकित त्यागी, दीपक शर्मा, योगराज पाल, संदीप पोहिवाल, तोशी भाई, अनुप सैनी, अभिषेक शर्मा, गौरव वत्स, सुनील पटेल, शुभम, अरुण कुमार, मिक्की जैदी, अनिल सैनी, बबलू सैनी, महेश्वर सिंह, अमित सैनी, आसिफ खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies