News

8/1/2026 9:03:27 AM

ट्रैफिक लाइटें बंद, यूनिपोल से कमाई जारी? पार्षद ने एयरोनेट इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड पर अनुबंध उल्लंघन के गंभीर आरोप लगाए

तहसील दिवस में उठाया बड़ा मामला, 28 यूनिपोल से विज्ञापन आय लेने और ट्रैफिक व्यवस्था को भगवान भरोसे छोड़ने का आरोप; अनुबंध निरस्त कर कार्रवाई की मांग.....

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। नगर निगम रुड़की में ट्रैफिक लाइटों के संचालन और यूनिपोल विज्ञापनों का मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। वार्ड-25 के पार्षद पंकज सतीजा ने तहसील दिवस में शिकायत पत्र देकर नोएडा स्थित एयरोनेट इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड पर नगर निगम के साथ हुए अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कंपनी का अनुबंध तत्काल समाप्त करने, यूनिपोल पर दिए गए विज्ञापन अधिकार निरस्त करने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

पार्षद के अनुसार वर्ष 2024 में नगर निगम ने शहर के सात प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक लाइटों के संचालन एवं रखरखाव का कार्य एयरोनेट इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा था। इसके साथ ही कंपनी को 28 यूनिपोल पर विज्ञापन लगाने का अधिकार भी दिया गया, जिसके बदले नगर निगम को निर्धारित विज्ञापन शुल्क और अनुबंध के अनुसार राजस्व प्राप्त होना था।

शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि कंपनी 28 यूनिपोल पर विज्ञापन लगाकर आर्थिक लाभ तो उठा रही है, लेकिन सात प्रमुख चौराहों की ट्रैफिक लाइटों का संचालन लंबे समय से नहीं कर रही। पार्षद का दावा है कि करीब डेढ़ वर्ष से कई चौराहों की ट्रैफिक लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

पार्षद ने यह भी आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा नगर निगम को देय विज्ञापन शुल्क एवं अनुबंध की अन्य शर्तों का भी समुचित पालन नहीं किया जा रहा। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, नगर निगम को हुए संभावित राजस्व नुकसान का आकलन किया जाए और यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो कंपनी का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर 28 यूनिपोल के विज्ञापन अधिकार भी निरस्त किए जाएं।

इस शिकायत के बाद ट्रैफिक लाइट संचालन और यूनिपोल विज्ञापनों का मामला प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और नगर निगम की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies