
शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे पार्षद, मेयर ने कराया समझौते का प्रयास
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रुड़की नगर निगम के दो भाजपा पार्षदों के बीच शनिवार दोपहर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पार्षद ने दूसरे पार्षद पर पिस्तौल तानने का आरोप लगाया। घटना के बाद पीड़ित पार्षद शिकायत लेकर रुड़की कोतवाली पहुंचा, जिससे नगर निगम और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि दोनों पार्षदों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जिसके बाद मामला और बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक पार्षद ने दूसरे पार्षद पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद दूसरे पार्षद ने पुलिस से शिकायत करने का निर्णय लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर रुड़की की महापौर ने दोनों पार्षदों को कोतवाली बुलाकर आपसी बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास किया। सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश भी की गई।रुड़की कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि नगर निगम के दो पार्षदों के बीच आपसी विवाद और कहासुनी की सूचना मिली थी। एक पार्षद द्वारा दूसरे पर पिस्तौल तानने का आरोप भी लगाया गया है, लेकिन अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि महापौर की पहल पर दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास भी किया गया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies