
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की/झबरेड़ा। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दहियाकी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पुजारी को हटाए जाने के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पुजारी द्वारा सोशल मीडिया पर लाइव आकर आत्मदाह की चेतावनी दिए जाने के बाद अब गांव के लोग खुलकर सामने आ गए हैं। ग्राम प्रधान विक्रांत और ग्रामीणों ने पुजारी पर मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा तोड़फोड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, मंदिर समिति ने सर्वसम्मति से पुराने पुजारी को हटाने का निर्णय लिया था। इसके बाद पुजारी ने फेसबुक पर लाइव आकर ग्रामीणों के खिलाफ नाराजगी जताई और आत्मदाह करने की चेतावनी दी। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा।

ग्राम प्रधान विक्रांत ने आरोप लगाया कि मंदिर समिति के निर्णय के बाद पुजारी ने मंदिर परिसर में लगे पेड़-पौधों और बगीचे को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर की पानी की टंकी सहित अन्य सामान को उखाड़कर ले जाने का प्रयास किया गया, जिससे मंदिर की संपत्ति को क्षति पहुंची।

ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर समिति का निर्णय सामूहिक सहमति से लिया गया था, लेकिन उसके बाद हुई घटनाओं से गांव में रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मंदिर परिसर में ग्रामीणों की आवाजाही बनी हुई है और स्थिति पर सभी की नजर है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस विवाद को लेकर क्या कदम उठाता है। वहीं ग्राम प्रधान विक्रांत और ग्रामीणों ने अपने आरोपों और घटनाक्रम को लेकर खुलकर अपना पक्ष रखा है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies