News

7/31/2026 2:16:30 PM

जश्न-ए-ख़ैरुल वरा की तैयारियों के बीच AWN Foundation का गठन, समाजसेवा के मिशन को मिलेगा नया विस्तार

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। आगामी जश्न-ए-ख़ैरुल वरा (जश्न-ए-मिलाद) की तैयारियों के बीच धार्मिक, सामाजिक और इंसानी ख़िदमत के कार्यों को अधिक संगठित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से AWN Foundation के गठन की घोषणा की गई। संस्था का उद्देश्य समाजसेवा, मानव कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और दीनी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना है।

इस संबंध में आयोजित बैठक में नई संस्था के गठन के साथ जश्न-ए-ख़ैरुल वरा के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अलग-अलग चीफ कॉर्डिनेटर और सब कॉर्डिनेटर भी नियुक्त किए गए।संस्था के जनरल सेक्रेटरी कुंवर शाहिद ने कहा कि पिछले छह वर्षों से अंजुमन ग़ुलामाने मुस्तफ़ा सोसाइटी के बैनर तले जश्न-ए-ख़ैरुल वरा के अवसर पर ब्लड डोनेशन कैंप, अस्पतालों में फल वितरण, महफ़िल-ए-समा एवं कव्वाली, लंगर तथा अन्य समाजसेवी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य इंसानियत की सेवा के साथ ईद मिलादुन्नबी ﷺ और अहले बैत की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में भाईचारे, मोहब्बत और इंसानियत का संदेश फैलाना रहा है।उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व स्वर्गीय हाजी शादाब साबरी और हाल ही में उनके पिता के निधन के बाद यह महसूस किया गया कि व्यक्ति से अधिक स्थायी संस्था होती है, जो सेवा और मिशन की परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचा सकती है। इसी सोच के साथ AWN Foundation का गठन किया गया है।

कुंवर शाहिद ने स्पष्ट किया कि यह संस्था किसी अन्य संगठन का विकल्प या प्रतिस्पर्धी मंच नहीं है, बल्कि समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की सकारात्मक पहल है। उन्होंने बताया कि संस्था के नाम को लेकर कई विकल्पों पर विचार किया गया, जिसके बाद सर्वसम्मति से "AWN Foundation" नाम चुना गया। अरबी शब्द "Awn (عون)" का अर्थ मदद, सहारा और सहायता होता है, जो संस्था के मूल उद्देश्य को दर्शाता है।

जश्न-ए-ख़ैरुल वरा के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं

बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। मुकाबला-ए-नात-ए-पाक के लिए अमजद उस्मानी को चीफ कॉर्डिनेटर और आरिफ नियाज़ी को सब कॉर्डिनेटर बनाया गया। ब्लड डोनेशन कैंप की जिम्मेदारी अनस गाज़ी और मुनीर आलम, फ्रूट डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी शहज़ाद अहमद और मुनव्वर अली, जश्न-ए-मिलाद कार्यक्रम की जिम्मेदारी आरिफ अली और कुंवर शाहिद, ज़ियारत-ए-मूए-मुबारक की जिम्मेदारी गुड्डू साबरी और इनाम साबरी तथा प्रचार-प्रसार एवं मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी पत्रकार रियाज़ कुरैशी, आरिफ नियाज़ी और परवेज़ आलम को सौंपी गई।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि AWN Foundation भविष्य में धार्मिक, सामाजिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को व्यापक स्तर पर संचालित करेगी। साथ ही युवाओं को समाजसेवा और दीनी गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम भी बनेगी।बैठक में आरिफ अली, मुमताज़ नक़वी, हैदर उर्फ आसिफ अली, रियाज़ कुरैशी, आरिफ नियाज़ी, गुड्डू साबरी, सलीम अली, इनाम साबिर, अमजद उस्मानी, परवेज़ आलम, अनस गाज़ी, आसिफ अली, बिलाल खान, मुनव्वर अली, मुनीर आलम, नसीम अहमद, राहिल अली, साहिल खान, शान साबरी, वज़ीर अहमद, सैफ़ अली सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies