
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर रुड़की के गणेशपुर गंगनहर पुल स्थित कांवड़ पटरी पर विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पटरी पर लगी अस्थायी दुकानों, रेहड़ी-फड़ एवं अन्य व्यापारियों के लाइसेंस, पहचान पत्र तथा रेट लिस्ट की गहन जांच की गई।
इस अभियान का नेतृत्व कर रहे एसएसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि यह अभियान हरिद्वार पुलिस के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ पटरी पर संचालित सभी दुकानदारों के लाइसेंस, पहचान संबंधी दस्तावेज एवं रेट लिस्ट की नियमित जांच की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को निर्धारित मूल्य पर सामान उपलब्ध हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो।

अभियान में एसएसआई प्रमोद कुमार, एसआई नरेंद्र राठी, ट्रैफिक उपनिरीक्षक सुशील कुमार सैनी, एसपीओ सचिन शर्मा, परमजीत पम्मा, मयंक गौतम तथा राजेंद्र त्यागी सहित पुलिस टीम मौजूद रही।इस दौरान एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी ड्यूटी पूरी सतर्कता, विनम्रता एवं सहनशीलता के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ पटरी पर संचालित सभी दुकानों, रेहड़ी-फड़ संचालकों एवं अस्थायी व्यापारियों का लगातार सत्यापन किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अप्रिय घटना अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies