दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने मालिश के बहाने बुजुर्गों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत का सोने का कड़ा बरामद किया है। आरोपी हरिद्वार, रुड़की, देहरादून और ऋषिकेश समेत कई क्षेत्रों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है तथा सोने के कंगन, अंगूठी, चूड़ी और चेन चोरी के कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को आर.के. मिशन रोड, कनखल निवासी नरेश अरोड़ा ने तहरीर देकर बताया कि एक व्यक्ति ने स्वयं को मालिश करने वाला बताते हुए दावा किया कि उसकी मालिश से कई लोग ठीक हो चुके हैं। बुजुर्ग होने और हाथ में दर्द की बात बताने पर उन्होंने उससे मालिश कराने की सहमति दे दी। आरोपी ने मालिश करने से पहले उनके हाथ में पहना सोने का कड़ा उतरवा लिया और बहते पानी से हाथ धोकर आने को कहा। जैसे ही पीड़ित हाथ धोने गए, आरोपी सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया।

तहरीर के आधार पर कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए डिजिटल साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
जांच के दौरान 28 जुलाई को पुलिस ने आरोपी हंश कुमार पुत्र कंवरभान निवासी ग्राम उल्हेडा, थाना मंगलौर को उल्हेडा गांव जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया करीब छह लाख रुपये मूल्य का सोने का कड़ा भी बरामद हुआ। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला-पुरुषों को निशाना बनाता था। वह मालिश के नाम पर उनके हाथों से सोने के कंगन या अंगूठियां उतरवाकर पानी से हाथ धोने का बहाना बनाता और मौका मिलते ही जेवर लेकर फरार हो जाता था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies