
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। आवास विकास स्थित आशीर्वाद एंक्लेव के बालाजी ज्योतिष अनुसंधान केंद्र में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में रुड़की सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव में भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को सिद्ध रुद्राक्ष भी वितरित किए गए। मुख्य आकर्षण के रूप में आचार्य रजनीश शास्त्री ने श्रद्धालुओं को गुरु मंत्र प्रदान किया और गुरु के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
आचार्य रजनीश शास्त्री ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा और उद्देश्य भी प्रदान करते हैं। गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति अज्ञान के अंधकार से निकलकर सत्य और आत्मबोध की ओर अग्रसर होता है। गुरु पूर्णिमा हमें अपने गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देती है।

कार्यक्रम में पहुंचे उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु हमारे जीवन के संस्कारों और चरित्र निर्माण की आधारशिला होते हैं। ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
महोत्सव में राज्य मंत्री एवं पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष आदे सैनी, फोनिक्स कॉलेज के चेयरमैन चेरा जैन, पूर्व मेयर गौरव गोयल, पूर्व सभासद रतिन्द्र तिवारी, योगेश त्यागी, राहुल प्रजापति, पूनम त्यागी, अरुण कश्यप, संगीता कश्यप, पारस कश्यप, बिजेंद्र माहेश्वरी, अमित सेन, विशाल आहूजा, आशीष वर्मा, राजेश्वर रोहिल्ला, विनोद वर्मा, आचार्य प्रकाश चंद्र शर्मा, रामविलोचन शास्त्री, पंडित इंद्रमणि सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies