News

7/29/2026 12:48:54 PM

राशन कार्ड और वितरण व्यवस्था की खामियों पर कांग्रेस का धरना, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। राशन कार्ड बनाने, राशन वितरण में आ रही दिक्कतों तथा खाद्य आपूर्ति व्यवस्था की विभिन्न समस्याओं को लेकर महानगर कांग्रेस ने बुधवार को रुड़की तहसील स्थित खाद्य आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने विभाग पर आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और शीघ्र समाधान की मांग की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि लंबे समय से लोग नए राशन कार्ड बनवाने और अन्य कार्यों के लिए घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। कभी वेबसाइट नहीं चलने का हवाला दिया जाता है तो कभी अन्य बहाने बनाकर लोगों को वापस भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था तक नहीं है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात और तेज धूप के बीच घंटों इंतजार करने वाले लोगों की सुविधा के लिए कार्यालय परिसर में टीन शेड लगाया जाना आवश्यक है।पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि सरकार मुफ्त राशन देने का दावा करती है, लेकिन बड़ी संख्या में पात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं और नए राशन कार्ड भी नहीं बनाए जा रहे हैं। ऐसे में जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने खाद्य आपूर्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की। बाद में तहसीलदार विकास अवस्थी और खाद्य आपूर्ति निरीक्षक टी.एस. रावत ने धरनारत कार्यकर्ताओं से वार्ता की तथा समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

धरने में सलीम खान, गौरव प्रधान, भूषण त्यागी, कुलविंदर सिंह, अजय चौधरी, मूलराज सैनी, मैनपाल भड़ाना सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies