
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
लक्सर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं चेयरमैन चौधरी राजेन्द्र सिंह ने पूर्व विधायक संजय गुप्ता के संबंध में की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि तीन दिन पूर्व लक्सर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वल्लभ भाई पटेल मंच के अध्यक्ष कीरत सिंह द्वारा पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधायक संजय गुप्ता के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जो बेहद निंदनीय है।
मीडिया को जारी विज्ञप्ति में राजेन्द्र सिंह ने कहा कि यदि कीरत सिंह अपने शब्द वापस नहीं लेते हैं तो उनका उचित जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सभी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं और सभी को मिलकर संगठन को मजबूत करना चाहिए। कीरत सिंह हमारे बड़े, सम्मानित और परिवार के सदस्य हैं। यदि उन्होंने किसी के बहकावे में आकर ऐसा कहा है तो उन्हें समझाया जाएगा।
राजेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्व विधायक संजय गुप्ता लक्सर विधानसभा के जमीन से जुड़े और मजबूत नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास और निर्माण कार्यों को हमेशा प्राथमिकता दी है तथा धामी सरकार और भारतीय जनता पार्टी के मजबूत सहयोगियों में उनकी पहचान है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी पूरी टीम आगामी विधानसभा चुनाव में संजय गुप्ता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उन्हें चुनाव लड़ाने के लिए पूरा समर्थन देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कीरत सिंह भी पार्टी परिवार का हिस्सा हैं और भविष्य में उन्हें भी साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा।राजेन्द्र सिंह ने कहा कि संजय गुप्ता लक्सर विधानसभा से भाजपा के प्रबल और जिताऊ दावेदार हैं। पार्टी हाईकमान को भी ऐसे मजबूत और जनाधार वाले प्रत्याशी को ही विधानसभा चुनाव में अवसर देना चाहिए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies