News

7/26/2026 5:35:17 PM

कारगिल विजय दिवस पर शहीद हवलदार हरि सिंह थापा को श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर गोरखा समाज ने जताया रोष

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रुड़की के चंद्रशेखर चौक स्थित शहीद हवलदार हरि सिंह थापा की प्रतिमा पर गोरखा समाज के सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान गोरखा समाज ने शहर के जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए शहीदों के सम्मान को लेकर गंभीर सवाल उठाए।

गोरखा समाज के अध्यक्ष जसवंत सिंह थापा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस पूरे देश के लिए गर्व का दिन है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि शहर के मध्य स्थित शहीद हवलदार हरि सिंह थापा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने के लिए कोई भी जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि न विधायक, न महापौर और न ही कोई पार्षद शहीद को श्रद्धांजलि देने आया। उन्होंने कहा कि जो लोग शहीदों के सम्मान की बात करते हैं, उन्हें ऐसे अवसरों पर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि शहर में स्थापित शहीदों और वीर पुरुषों की प्रतिमाओं का सम्मान नहीं किया जा सकता, तो केवल औपचारिकता के लिए प्रतिमाएं स्थापित करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने यह भी आपत्ति जताई कि चंद्रशेखर चौक पर विभिन्न राजनीतिक दल धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन करते हैं, जिससे शहीदों की प्रतिमाओं का सम्मान प्रभावित होता है। उनका कहना था कि शहीदों की प्रतिमाओं के सामने विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सम्मान का वातावरण होना चाहिए।

जसवंत सिंह थापा ने बताया कि गोरखा समाज जल्द ही इस संबंध में उपजिलाधिकारी और महापौर को ज्ञापन सौंपेगा तथा मांग करेगा कि भविष्य में किसी भी शहीद की प्रतिमा के सामने धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन पर रोक लगाई जाए।इस अवसर पर अधिवक्ता नवीन जैन ने कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का पर्व है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना ही देश को मजबूत बनाती है और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में गोरखा समाज के पूर्व अध्यक्ष बुद्धि सिंह राणा, रविंद्र गुरुंग, जितेंद्र गुरुंग, पेशल कुमार, तुलसी देवी, प्रदीप लेपचा, उज्जवल थापा, उदय पुन, तेज प्रसाद शर्मा, डी.बी. शर्मा, त्रिलोक क्षेत्री, जगत थापा, धरम सिंह, अधिवक्ता नवीन जैन, अमित सिंघल, सुधीर चौधरी, सचिन गोडवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies