News

7/26/2026 2:07:03 PM

प्रतिभाओं के सम्मान से समाज को मिलती है नई दिशा::सुभाष पहलवान

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। जाट समाज सेवा समिति की ओर से नगर निगम सभागार में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अर्जुन अवार्डी एवं एशिया चैंपियन सुभाष पहलवान रहे, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि सुभाष पहलवान ने कहा कि समाज में अपनी अलग पहचान बनाना और उसे बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जाट समाज के लोगों ने खेल, शिक्षा, सेना, कृषि और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि "जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। सही समय पर की गई कड़ी मेहनत ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है।"

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री अजीत सिंह ने समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय के साथ सामाजिक परंपराओं में सकारात्मक बदलाव लाना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के निमंत्रण पत्र व्हाट्सएप के माध्यम से स्वीकार करने की परंपरा विकसित की जाए, जिससे अनावश्यक खर्च और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं पर भी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने मृत्युभोज जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए भी समाज से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि "समाज तभी आगे बढ़ेगा, जब हम पुरानी कुरीतियों को छोड़कर नई और सकारात्मक सोच को अपनाएंगे।"

समिति के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल सिंह पंवार ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान समाज की सबसे बड़ी पूंजी है।जिलाध्यक्ष रॉबिन चौधरी ने कहा कि जाट समाज सेवा समिति लगातार सामाजिक एकता, शिक्षा और युवाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व तहसीलदार प्रीतम सिंह ने एवं संचालन पूर्व पार्षद विवेक चौधरी ने किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, ऋषिपाल बालियान,प्रह्लाद सिंह, विनोद कुमार, सर्वेंद्र सिंह, अजय कुमार, सोहनवीर, शैलेंद्र पाल, नगेंद्र, अमर, ललित चौधरी, रोहित राणा, दीपक राठी, सुनीता देवी, राखी चौधरी, अक्षय कुमार आदि लोग मौजूद रहे।।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies